विश्वजीत चटर्जी

तीन बहनों का इकलौता भाई था तौशिफ, पिता राउरकेला में करते हैं ड्राइवरी

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के आलमनगर, जामाडोबा में शनिवार सुबह एक युवक ने घर के रसोई घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 21 वर्षीय तौशिफ के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक तौशिफ के पिता मो शाबिर राउरकेला में ड्राइवर का काम करते हैं। तौशिफ तीन बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। शनिवार सुबह जब तौशिफ की मां रसोई घर का दरवाजा खोली तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। तौशिफ रसोई घर में लगे पंखे की रॉड में ओढ़नी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। मां की चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग जमा हो गए। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा गया और उसे पास के ही टाटा अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना जोरापोखर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने किसी तरह के विवाद या तनाव से इनकार किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इकलौते बेटे की मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार तौशिफ मिलनसार स्वभाव का था। अचानक उठाए गए इस कदम से सभी हैरान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *