विश्वजीत चटर्जी

25 हजार वोल्ट के ओवरहेड तार की चपेट में आया, एसएनएमएमसीएच में भर्ती

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के शालीमार में बुधवार को एक युवक मालगाड़ी से कोयला उतारने के दौरान हाइटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के संबंध में बताते चलें कि शालीमार निवासी बीसीसीएल से सेवानिवृत्त कर्मी जवाहर तुरी का 26 वर्षीय पुत्र मुकेश तुरी उर्फ टुन्नू शुक्रवार की दोपहर आद्रा-भागा रेल लाइन पर शालीमार के पास खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी पर चढ़ गया। सिग्नल नहीं मिलने के कारण मालगाड़ी वहां रुकी हुई थी। मुकेश घर के पास से दौड़कर मालगाड़ी पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट के हाइटेंशन ओवरहेड तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह झुलसकर मालगाड़ी में अचेत होकर गिर पड़ा। इस बीच सिग्नल मिलने के बाद मालगाड़ी चल पड़ी और भागा स्टेशन के साइडिंग में जाकर रुकी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन भागा साइडिंग पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायल मुकेश को मालगाड़ी से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार मुकेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर घूमता रहता है और अजीब हरकतें करता है। घटना के बाद मोहल्ले में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और जीआरपी को नहीं दी गई है, इसलिए अभी तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। भागा स्टेशन जीआरपी थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार ने कहा कि घटना की कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। फर्द बयान आने के बाद कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *