धनबाद पुलिस की अनोखी पहल: दागियों को बुलाकर सुधार का दिया अवसर, एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल नहीं होने की दिलाई गई शपथ
धनबाद। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की पहल पर गुरुवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित दागी व्यक्तियों को पुलिस केंद्र बुलाया गया। इस दौरान सभी को थाना क्षेत्रवार बैठाया गया और उन्हें कानून का पालन करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने दागी व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके हाथ में है कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर बेहतर भविष्य चुनते हैं या उसी राह पर चलकर अपना जीवन बर्बाद करते हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद में पहली बार इस तरह की पहल की गई है, जिसका उद्देश्य दागी व्यक्तियों को सुधार का अवसर देना है, न कि केवल कार्रवाई करना।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों का नाम गलत तरीके से दागियों की सूची में शामिल हो गया है या जो अब अपराध से दूर रहकर सामान्य जीवन जी रहे हैं, वे अपने संबंधित थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर नियमानुसार अपना नाम सूची से हटाने का अनुरोध कर सकते हैं। जांच के बाद यदि वे पात्र पाए गए तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका नाम दागियों की सूची से हटाया जाएगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले दागियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई और अधिक सख्त होगी। वहीं, जो लोग वास्तव में सुधार के रास्ते पर चलना चाहते हैं, उन्हें पुलिस पूरा सहयोग देगी, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें और उनके परिवार को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
