निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकादाहा गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुड्डू के रूप में हुई है। वहीं शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों घायलों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चरकादाहा गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। समारोह के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए चारों लोग पास स्थित एक मिट्टी के घर की ओट में खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वज्रपात इतना भीषण था कि विनय सोरेन और विश्वकर्मा टुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। मौसम विभाग भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कच्चे घरों के आसपास शरण लेने से बचने की सलाह देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *