निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नगर पंचायत जामताड़ा की अध्यक्ष आशा गुप्ता ने चुनाव पूर्व किए गए अपने वादे को पूरा करते हुए नगरवासियों के लिए मुफ्त एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत कर दी है। नगर क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पंचायत की ओर से दो निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा आज से शुरू की गई। इस अवसर पर दुमका रोड स्थित यज्ञ मैदान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता, नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने 24×7 एम्बुलेंस सेवा को आम जनता को समर्पित किया। मुफ्त एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से नगर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।


मीडिया से बात करते हुवे आशा गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने नगरवासियों से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया था। उसी संकल्प के तहत आज दो मुफ्त एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाई न हो, यह नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा दिन-रात 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और नगर क्षेत्र के सभी लोगों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं तरुण गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि नगरवासियों की सुविधाओं और विकास के लिए आगे भी लगातार जनहित के कार्य किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *