निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । कुंडहित थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 26 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नयन दास उर्फ सुकुमार दास (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय दुखु दास, निवासी बाबुपुर, थाना कुंडहित के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कुंडहित थाना कांड संख्या 53/2000 एवं एसटी संख्या 11/2001 के प्राथमिकी अभियुक्त नयन दास उर्फ सुकुमार दास के विरुद्ध न्यायालय से स्थायी वारंट (Permanent Warrant) निर्गत था। अभियुक्त अपनी पत्नी की कथित दहेज हत्या के मामले में वर्ष 2000 से ही फरार चल रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर कुंडहित थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त पश्चिम बंगाल में अपना नाम और पता बदलकर रह रहा था। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कुंडहित थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *