निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में आगामी मुहर्रम पर्व 2026 के उपलक्ष्य में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक के क्रम में प्रशासनिक सर्तकता, सजगता, निगरानी एवं आसूचना तंत्र, ध्वनि विस्तारक यंत्र आदि के प्रयोग, मुहर्रम, 2026 के अवसर पर की गई निषेधात्मक कार्रवाई, मुहर्रम जुलूस अखाड़ों की संख्या (लाईसेंसी / गैर लाईसेंसी) जुलूस की तिथि एवं समय तथा जुलूस मार्गो का भौतिक सत्यापन,
जुलूस मार्गों में पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों पर की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई, जुलूस मार्गो में लगातार प्रकाश / पब्लिक संबोधन सिस्टम की व्यवस्था करने की कार्रवाई, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र / प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति तथा जुलूस के दौरान आवश्यकतानुसार चिकित्सीय दलों की प्रतिनियुक्ति, थाना प्रभारी स्तर पर संवेदनशीलता/सुरक्षा का आकलन करते हुए गश्ती दल को बढ़ाने संबंधी की गई कार्रवाई, वाहनों की चेकिंग, नियंत्रण कक्ष, विडियोग्राफी/ड्रॉन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति के अलावा पेयजल स्वच्छता, साफ-सफाई एवं अन्य बिंदुओं पर विमर्श किया गया। इस दौरान विभिन्न सदस्यों के द्वारा सुझाये हुए विचार पर प्रशासनिक स्तर पर हर संभव कार्रवाई कर भरोसा दिलाया।
इस मौके पर आलोक कुमारर ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम को संपन्न कराया जा सके, इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील स्थलों सहित अन्य स्थलों में पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है, साथ ही नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में उन्माद फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न सदस्यों ने जो भी विचार एवं सुझाव यहां रखे हैं, प्रशासन के स्तर से नियमानुसार अपेक्षित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील किया कि प्रशासन के सहयोगी के रूप में आप सबों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुहर्रम के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा जुलूस को लेकर उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से ही निकालें। साथ ही अखाड़ा समिति स्थानीय थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी से संपर्क में रहें।
वहीं उपायुक्त ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम आदि पर कड़ी निगरानी रहेगी। अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील कर कहा कि किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें, इसकी सूचना प्रशासन को अवश्य दें, कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरा के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सभी अस्पताल अलर्ट मोड पर रहेंगे। वहीं मुहर्रम के अवसर पर ड्राई डे घोषित रहेगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग आपसी सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व को मनाएं, यह पर्व हमें त्याग एवं बलिदान की सीख देता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से ताजिया की ऊंचाई का अवश्य ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने अपील किया कि संवेदनशील स्थानों में शांति समिति के सदस्य संबंधित जुलूस को लीड करें, ताकि आपसी भाई चारा के साथ यह पर्व संपन्न हो सके। इसके अलावा किसी प्रकार की सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम में कॉल करें।
वहीं बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंड/थाना क्षेत्र से आए हुए शांति समिति के सदस्यगण ने भी अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखा, जिस पर यथोचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इसके अलावा _*अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार के द्वारा मंच संचालन के अलावा मुहर्रम को लेकर विधि व्यवस्था से जुड़े अहम पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मु०), नीलम कुजूर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा एवं नाला सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय जामताड़ा एवं मिहिजाम, संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
