निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्किल पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू, नगर परिषद अध्यक्ष जय श्री देवी, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, थाना प्रभारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष जुगनू राय, वार्ड पार्षद, अन्य पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति एवं अखाड़ा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शांति समिति और अखाड़ा समिति के सदस्यों ने मोहर्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न सुझाव एवं स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। सदस्यों ने जुलूस मार्ग, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर अपने विचार रखे।
सर्किल पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल का भरोसा देते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।


अधिकारियों ने बैठक में मौजूद लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कार्यों से बचना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भड़काऊ पोस्ट, अफवाह फैलाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दिन संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य निगरानी उपकरणों के माध्यम से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया और मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *