निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को पश्चिम बंगाल से बिहार जा रही मछली लदी तीन पिकअप वैनों को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि तेज गति से चल रही इन वाहनों ने गोरेनाला गांव के पास कुछ युवकों को चोटिल कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, WB 37E 7377, WB 37K 5989 और WB 37E 7513 नंबर की पिकअप वैनें आसनसोल से बिहार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गोरेनाला गांव के पास तेज रफ्तार के कारण कुछ युवक उनकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पीछा करते हुए जामताड़ा के कोर्ट रोड में तीनों वाहनों को रोक लिया। वाहनों के रुकते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। लोगों ने आरोप लगाया कि जिले के कोर्ट रोड सहित कई रिहायशी इलाकों से रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, रिहायशी क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था करने तथा नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस के मौके पर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
