निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया स्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज परिसर के एक बंद पड़े पुराने मकान से एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रमा बावरी उर्फ धोना बाबरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतक मजदूरी का कार्य करता था। उसकी शादी बीते वर्ष ही हुई थी, हालांकि उसके कोई बच्चे नहीं थे। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के मुताबिक वह शनिवार से लापता था। सोमवार देर शाम बंद मकान की ओर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। जब लोग मौके पर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो वहां शव पड़ा मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था।
घटना की सूचना तत्काल नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के शरीर पर कई संदिग्ध निशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को लेकर नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मृतक के लापता होने की सूचना पूर्व में थाना को नहीं दी गई थी। सोमवार को शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
