झरिया । शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे झरिया थाना क्षेत्र के ऊषा टॉकीज के समीप से बाइक सवार अपराधियों ने युवक के गले से सोने का चेन छीन कर फरार हो गए । मामले को लेकर ऊषा टॉकीज के समीप रहने वाले स्व. अर्जुन प्रसाद स्वर्णकार के पुत्र विवेक वर्मा ने बताया कि रोज की तरह वह सुबह घर से मंदिर के लिए निकले, मंदिर से पूजा – अर्चना कर वापस घर लौट रहे थे । इस दौरान गंगा जमुना विवाह भवन धर्मशाला के समीप उन्हें एक परिचित मिल गए तो वह सड़क के किनारे खड़े होकर उनसे बात करने लगे । तभी पल्सर बाइक में सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीछे से विवेक वर्मा के गले से सोने का चेन छीन कर भागने लगे । जिसके बाद पीड़ित युवक भी दूसरे बाइक से उनका पीछा करते हुए धनसार चौक तक गए लेकिन, अपराधी उनके नजरों से ओझल होकर फरार हो गए । जिसके बाद पीड़ित विवेक के द्वारा झरिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। हालांकि दिनदहाड़े बीच बाजार में इस तरह की घटना से लोग सकते में है और झरिया थाना से कुछ कदमों की दूरी पर हुई यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है । वहीं झरिया पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *