अभिषेक मिश्रा
चासनाला । जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में 29 मई को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। रविवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डुमरी नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय रिक्की सिंह को आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद उसकी पत्नी चंदा कौर के आवेदन पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई दोनों बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिलें बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद की गईं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने गए थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई, जिसके बाद जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने से रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि पूर्व में रिक्की सिंह और उसके दोनों भाई गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे थे। हालांकि वर्तमान विवाद के पीछे की वास्तविक वजह और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
