कतरास । कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद 4 नंबर में विगत 27 मई की रात हुई मारपीट और गोलीबारी कांड मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली । वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया । इस मामले में कतरास थाना कांड संख्या-152/26, दिनांक 28.05.26 के तहत 20 नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसमे आनंद कुमार यादव (28), विवेक कुमार ठाकुर (25) एवं करण कुमार दास (32) के रूप में की है। सभी आरोपी कतरास थाना क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो खोखा तथा एक काले रंग की स्कॉर्पियो जेएच 10 सीके- 0025 बरामद की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 27 मई की रात दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट हुई और एक-दूसरे को डराने के उद्देश्य से 3 से 4
राउंड हवाई फायरिंग की गई।
इसी दौरान घटनास्थल के पास अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे देख रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई। वहीं मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी थी। वहीं पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
