अभिषेक मिश्रा

चासनाला । शुक्रवार की अहले सुबह झरिया के जोरापोखर थाना क्षेत्र में गोली चलने से अफरा – तफरी मच गई । मामले को लेकर बताया जाता है कि जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी दो नंबर पेट्रोल पम्प के समीप अवैध लोहा कारोबार में वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक के सीने में गोली लगी है और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच कर मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह लगभग4 बजे डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग हुई । गोली लगने से रिक्की जमीन पर गिर गया । स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गोली अब भी उसके सीने में फंसी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। बरामद सामान को देखकर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से भी जांच कर रही है। घायल रिक्की की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे। पति द्वारा शोर मचाने पर आरोपियों ने गोली चला दी। उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में फायरिंग की गई।
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे के लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई है। पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी हाल में अवैध कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *