निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जिले के नारायणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची, केराडीह वनगांव निवासी सफाउल अंसारी की 5 साल की बेटी सजदा खातून है। बताया जाता है कि सजदा दोपहर को पास ही तालाब से नहाकर लौट रही थी, तभी सड़क पर एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर आ गिरी। हादसे में बच्चे को काफी गंभीर चोट लगी। 
परिजन, ग्रामीणों  की सहायता से बच्ची को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि बच्ची ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने स्कॉर्पियो चालक की तत्काल गिरफ्तारी और हाईवे पर सुरक्षा मानकों की मांग करते हुए गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। इस वजह से सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। समाचार लिखे जाने तक वाहनों की लंबी कतार लगी थी। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और आरोपी वाहन की जल्द पहचान का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के पेट्रोल पंपों और दुकानों में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार स्कॉर्पियो का पता लगाया जा सके। पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश में लगी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *