निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । मिहिजाम थाना क्षेत्र के जीतपुर जंगल में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक और एक युवती का शव एक साथ पड़ा देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने जंगल के अंदर दो शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान भी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान बोदमा गांव निवासी सागेन हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले से शादीशुदा था। वहीं, युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। एक साथ दो शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं और मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *