अभिषेक मिश्रा
झरिया । सुदामडीह थाना क्षेत्र के नगीना बाजार में गुरुवार की रात्रि सुदामडीह पुलिस ने बालू माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेरते हुए अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन करने वालों में बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी देते हुए सुदामडीह थाना प्रभारी ने बताया कि वे पुलिस टीम के साथ गुरुवार की रात्रि क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान नगीना बाजार के समीप से अवैध बालू लोड एक ट्रैक्टर गुजर रहा था। संदेह होने पर जब उसे रोककर जांच की गई, तो पाया गया कि बालू का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा रात्रि गश्ती के दौरान अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया है और इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा वाहन को जब्त कर थाने ले जाया गया है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि यह ट्रैक्टर नंदू यादव का है। पुलिस अब ट्रैक्टर के कागजातों और उसके मालिक की गहनता से जांच कर रही है।
सुदामडीह पुलिस की इस तत्परता ने अवैध कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि क्षेत्र में कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
