निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज बिजली कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया। धरना में भाजपा के जिला अध्यक्ष सुमित सरण, तरुण गुप्ता, सुरेश राय, मनीष दुबे सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बिजली व्यवस्था को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जिले में बिजली की स्थिति बदहाल है। बार-बार बिजली कटौती, अत्यधिक बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की समस्या से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
मीडिया से बातचीत करते हुए कमलेश मंडल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए हैं, जबकि आम जनता पर इसे थोप दिया गया है। उन्होंने इस व्यवस्था को भेदभावपूर्ण बताते हुए सरकार से तत्काल सुधार की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
