निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । चित्तरंजन गेट नंबर 2 से होते हुए गड्डा कॉलोनी, एरिया 08 की ओर जाने वाली सड़क पर इन दिनों गहरा अंधेरा रहने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन अधिकांश लाइटें खराब पड़ी हैं या जानबूझकर निष्क्रिय कर दी गई हैं। इसके कारण पूरे इलाके में अंधकार पसरा रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने बताया कि अंधेरे के कारण जंगली जानवरों और आवारा कुत्तों का खतरा तो है ही, साथ ही किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस स्थिति में राहगीरों को हर समय सतर्क रहना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से इस समस्या पर जल्द ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि उक्त स्थान पर हाई मास्ट लाइट लगाई जाए या खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
लोगों का कहना है कि अगर जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाया गया, तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
