निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर अस्पताल से एक सुखद और आश्चर्यजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। जन्मे नवजातों में दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। खास बात यह है कि यह पूरा प्रसव सामान्य (नॉर्मल डिलीवरी) के माध्यम से हुआ, जो चिकित्सकीय दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसूता आरती कुमारी तुरी पंजनिया गांव की निवासी हैं, उनके पति का नाम राजेश मिर्धा है। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों द्वारा उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां सोमवार सुबह तीनों बच्चों को जन्म दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सबसे पहले बेटी और उसके बाद दोनों बेटों का जन्म हुआ। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, आरती पहले से ही दो बेटियों की मां हैं। फिलहाल प्रसूता की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। वहीं, तीनों नवजातों का वजन सामान्य से कम होने के कारण उन्हें विशेष देखरेख में रखा गया है। एहतियातन बच्चों को एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है, ताकि उनकी सेहत में जल्द सुधार हो सके। डॉक्टरों की टीम लगातार मां और बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रबंधन ने इसे एक सफल और चुनौतीपूर्ण प्रसव बताया है।
