हजारीबाग । झारखंड के हजारीबाग जिला के दारू थाना क्षेत्र के छोटका इरगा गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान हमले में घायल युवक गुलाम साव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया । मृतक गुलाम का रांची के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, युवक के मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर दारू मुख्य चौक के पास सड़क जाम कर दिया । जानकारी के अनुसार, रामनवमी जुलूस के दौरान गुलाम साव पर चाकू से हमला किया गया था । जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे । जिसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान गुलाम साव की मौत हो गई । घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश कुमार, विशाल कुमार और एक नाबालिग समेत अन्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है ।
इधर मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह 6 घंटे तक एनएच-522 को जाम कर दिया । सड़क जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई । सड़क जाम के दौरान दारू क्षेत्र का बाजार भी बंद रहा । वहीं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, और लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और जाम हटवाया ।
