कुमार अजय
कतरास । पुटकी थाना क्षेत्र स्थित मूनीडीह बंद सीपीपी प्लांट में हुए हादसे में सोमवार को एक और शव बरामद होने से मृतकों की संख्या बढ़कर अब चार हो गई है । पुलिस ने प्लांट के समीप जंगल से एक शव बरामद किया है । मृतक की पहचान केंदुआ निवासी वसीम अंसारी के रूप में हुई है । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है । इससे पहले इसी घटना में लोहा चोरी के दौरान हुए सिलेंडर ब्लास्ट में तीन युवकों आनंद, संजय यादव और अजहरुद्दीन की मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे । पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने कहा कि जंगल में एक शव बरामद हुआ है । शव की पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई है । मामले की जांच चल रही है । जानकारी के अनुसार बंद पड़े इस प्लांट में लोहा चोरी के इरादे से युवक घुसे थे । पाइप कटिंग के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ । जिससे यह हादसा हुआ । वहीं ब्लास्ट के बाद प्लांट से जहरीली गैस का रिसाव भी हुआ । जिसकी चपेट में सीआईएसएफ और बीसीसीएल के पांच कर्मी आ गए थे । इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है । पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में और कौन-कौन शामिल थे ।
