धनबाद। सदर थाना क्षेत्र स्थित पुराने कृषि बाजार में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
स्थानीय निवासी पवन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान रोहित सिंह के रूप में हुई है। वह लंबे समय से इसी इलाके में रह रहा था और अक्सर पुराने कृषि बाजार परिसर में ही रात में सोया करता था। उन्होंने बताया कि रोहित कोई स्थायी काम नहीं करता था और इधर-उधर घूमकर जीवन यापन करता था। कुछ समय पहले उसके पिता की भी इसी इलाके में मृत्यु हुई थी, जिनका अंतिम संस्कार स्थानीय लोगों ने मिलकर कराया था।
बताया जा रहा है कि रोहित मूल रूप से बोकारो का रहने वाला था, लेकिन कई वर्षों से धनबाद में रह रहा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी दो बहनें हैं, जिनके साथ वह नहीं रहता था।
मामले को लेकर सदर थाना के एएसआई ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ।
