निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के कमलिया गांव में बीती रात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह तब हुई, जब घर के मालिक कृपासिंधु मंडल रांची से अपने पैतृक घर पहुंचे। बताया जाता है कि कृपासिंधु मंडल झारखंड पुलिस बल में कार्यरत हैं और वर्तमान में रांची में पदस्थापित हैं। वह कुछ समय पहले अपने परिवार के साथ रांची में रहने चले गए थे और गांव के घर में ताला लगा हुआ था। शुक्रवार की सुबह जब कृपासिंधु मंडल अपने घर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर के सभी कमरे खुले पड़े थे। घर के भीतर सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। चोरों ने घर में रखी अलमारी को तोड़ दिया था और उसमें रखे करीब 75 हजार रुपये नकद, लगभग 14 भर चांदी के जेवरात, सोने की एक जोड़ी कान की बाली और एक अंगूठी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना में मामला दर्ज कराया गया। सूचना मिलने पर एएसआई तपन सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी की इस घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद गांव के लोगों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।
