निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के बगडेहरी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया जंगल के पास स्थित एक कुएं से पुलिस ने तीन सड़ी-गली लाशें बरामद की हैं। मृतकों में दो बच्चे और एक व्यस्क व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीणों को जंगल के पास स्थित कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी। शक होने पर जब ग्रामीणों ने कुएं के अंदर झांककर देखा तो उसमें शव दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कुएं से तीनों शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार तीनों शव काफी दिनों पुराने प्रतीत हो रहे हैं और बुरी तरह सड़-गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान तुरंत कर पाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि घटनास्थल से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसे पुलिस जांच का अहम सुराग मान रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आधार कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई थी। वहीं पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है।
