निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । फिजियोथैरेपी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 8 मार्च को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। जानकारी देते हुए कार्यक्रम के अध्यक्ष अरूप कुमार मित्रा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे जामताड़ा ब्लड बैंक में जामताड़ा वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन एवं फिजियो आर्ट वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से मेगा रक्तदान शिविर से होगी। इसके बाद सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा।
इस कैंप में दुर्गापुर से आई गायनेकोलॉजिस्ट एवं जनरल फिजिशियन तथा पटना से आए ऑस्टियो और न्यूरो फिजियोथैरेपिस्ट द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। वहीं शाम 4:00 बजे मैरिज हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला हेल्थ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं जैसे एनीमिया, डायबिटीज, मोटापा, पेल्विक दर्द तथा रक्तदान के महत्व पर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में शाम 6:00 बजे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से सम्मेलन के संरक्षक अजय कुमार चंद, रेनू पत्र, रेंटी चंद्र, रोमा रानी सरकार, संगीता पाणिकर, देवासी, खुशबू, परितोष मजूमदार, कविता पानी, प्रीति तथा कार्यक्रम के डायरेक्टर एवं हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर के डायरेक्टर डॉ. भास्कर चंद उपस्थित रहे।
