धनबाद । बुधवार को जहां एक ओर कोयलांचलवासी होली का पर्व मना रहे थे तो वहीं दूसरी ओर धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में अचानक हुई फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। डीजे बजाने और पैसे लेन- देन को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग में बदल गया। इस घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घायल विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है। जबकि पुष्पक के पेट में गोली लगी है।

बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के पास रहने वाले घायल विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के लिए पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करते थे। गोधरा में एक अस्पताल निर्माण के दौरान उस पर करीब 2.5 लाख रुपये बकाया थे। इसी पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद विकास लाला और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। विष्णु के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दोस्त पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगी है।

घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि होली के जश्न के लिए लोग फुटबॉल ग्राउंड में जमा हुए थे। इसी दौरान मारपीट और फायरिंग हुई। उसने आरोप लगाया कि विकास लाला ने गोली चलाई। पुष्पक ने बताया कि वह अपने दादा के घर बरमसिया शनि मंदिर में उनकी तेरहवीं में शामिल होने आया था। वह दिल्ली में पढ़ाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *