निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । हिंदुस्तान पैट्रोलियम और अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त रूप से अग्नि सुरक्षा को लेकर एक विशेष डेमो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पेट्रोल पंप और सीएनजी सेंटर पर आग लगने की स्थिति में बचाव और त्वरित कार्रवाई के तरीकों की जानकारी देना था। डेमो के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशन अत्यंत संवेदनशील स्थल होते हैं, जहां ज्वलनशील पदार्थों के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षा नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, गैस लीकेज की पहचान, विद्युत आपूर्ति तुरंत बंद करने, आपातकालीन निकास मार्ग का उपयोग करने तथा घबराहट से बचते हुए सूझबूझ से काम लेने की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से यह भी दिखाया गया कि शुरुआती स्तर पर आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना देना, भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखना और प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा ही आग बुझाने का प्रयास करना चाहिए। समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। अंत में अधिकारियों ने सभी से सुरक्षा मानकों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *