निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के धरमपुर में आज झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली कुल 9 सड़कों का एक साथ शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। सड़क शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के माध्यम से झारखंड को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे सभी धर्मों और सभी जातियों के लिए समान रूप से विकास का कार्य कर रहे हैं और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट से पूर्व उन्होंने देश की वित्त मंत्री से झारखंड को मेडिकल कॉलेज देने तथा रांची में एम्स की स्थापना की मांग की थी, लेकिन झारखंड को एक बार फिर अनदेखा किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसके अलावा झारखंड को विशेष पैकेज देने की भी मांग की गई थी, ताकि राज्य के विकास को गति मिल सके, लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर भी ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल उन्हीं राज्यों को बेहतर पैकेज देती है, जहां उनकी सरकार होती है। इसके बावजूद राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों में झारखंड का विकास कर रही है। डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया कि वर्तमान समय में देश की सबसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं झारखंड में उपलब्ध कराई जा रही हैं और आगे इसे और सुदृढ़ किया जाएगा।
