निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट के केंद्रीय सचिव हाफिज एहतेशाम मिर्जा ने अपने आवासीय कार्यालय नामूपाड़ा, जामताड़ा में विधिवत ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर संस्था से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और संविधान की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और संविधान जिंदाबाद के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। इस मौके पर हाफिज एहतेशाम मिर्जा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें देश के संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक न्याय के महत्व की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट लगातार मानवाधिकारों की रक्षा, कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने और समाज में समानता स्थापित करने के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में संविधानिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्था आगे भी अन्याय, भेदभाव और शोषण के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी तथा जरूरतमंदों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के आदर्शों पर चलने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। समारोह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
