निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । आदिवासी नेता सह पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज आदिवासी संगठनों के आह्वान पर झारखंड बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद के तहत सदर थाना क्षेत्र के पसोइ गांव गोविंपुर साहेबगंज स्टेट हाइवे को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शनकारी तीर-धनुष और हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर बैठ गए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज झारखंड बंद का आह्वान किया गया था। आदिवासी नेता सह पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के बाद अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी के विरोध में सड़क जाम और बंद किया गया है।
आदिवासी संगठनों की मांग है कि सोमा मुंडा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए, सभी सम्मिलित अभियुक्तों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाते हुए दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान सुरक्षा को लेकर जामताड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, सी ओ अबिश्वर मुर्मू, थाना प्रभारी मनोज महतो के साथ पुलिस बल तैनात थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *