29 ग्राम ब्राउन शुगर व 6 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद

रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक जिले के इचाक थाना क्षेत्र में नशे के काले कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती बरती है। मंगलवार को एडिशनल एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सूर्यमंदिर तालाब के पीछे छापेमारी की, जिसमें 6 आरोपियों को मौके पर दबोचा गया। इनमें कथित तौर पर इचाक थाना का एक ड्राइवर शुभम कुमार भी शामिल है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के नाम अभी तक उजागर नहीं किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। छापेमारी के दौरान टीम ने अलग-अलग पुड़ियों में 29 ग्राम ब्राउन शुगर और 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि थाना ड्राइवर पर जिला प्रशासन के आईटी सेल की नजर थी। उसके मोबाइल हिस्ट्री की जांच में नशा तस्करों से सांठगांठ के सबूत मिले। हालांकि इस संबंध में थाना प्रभारी राजदीप कुमार कुछ बोलने से बचते नजर आए। उन्होंने बताया कि ड्राइवर को संदेह के आधार पर पकड़ा गया है और जांच जारी है।
यह इलाका (सूर्यमंदिर तालाब के आसपास) पहले भी कई बार नशा तस्करों का अड्डा बन चुका है, जहां दर्जनों बार पुलिसिया कार्रवाई हो चुकी है। क्षेत्र में ब्राउन शुगर, चरस, गांजा और अफीम जैसी जानलेवा नशीली दवाओं का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इसके सबसे ज्यादा शिकार युवा हो रहे हैं। वहीं इस मामले में इचाक पुलिस का निजी ड्राइवर की कथित संलिप्तता ने आम जनता और पुलिस प्रशासन को परेशानी में डाल दिया है। इचाक पुलिस की कार्रवाई हवाई किला साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *