झाड़ियों को साफ करते वक्त हुआ हादसा, इलाके में दहशत

प्रतिनिधि
हजारीबाग। एक सामान्य दिन अचानक मौत की साजिश में बदल गया, जब खाली पड़ी जमीन पर झाड़ियां साफ करने के दौरान बम अचानक फट पड़ा। इस भयानक विस्फोट ने तीन मासूम जिंदगियां छीन लीं। घटना का बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना खिरगांव स्थित हबीबीनगर में बुधवार को दोपहर करीब 3:45 बजे की है। मोहम्मद सद्दाम (30 वर्ष) अपनी पत्नी नन्ही परवीन (25 वर्ष) के साथ अपनी पिताजी मो. युनुस की खरीदी हुई जमीन पर झाड़ी कटवाने पहुंचे थे। जैसे ही कुदाल जमीन में लगी, अचानक जोरदार धमाका हुआ। धूल-धुआं उठा और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पास ही खड़ी रशीदा खातून (40 वर्ष), पति मो. मुश्ताक की, भी इस विस्फोट की चपेट में आ गईं। उन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और इधर-उधर भागने लगे। पूरा इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया। बड़ी बाजार थाना प्रभारी पंकज कुमार, सदर थाना प्रभारी सुभाष कुमार और लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने जांच की कमान संभाली।
पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। यह बम जमीन में कब और कैसे दबा था? क्या यह पुराना बारूदी सुरंग या नक्सली दौर का अवशेष है? या किसी और साजिश का हिस्सा?
पुलिस जांच में जुटी है कि बम का स्रोत क्या था और यह कितने समय से दबा हुआ था। इलाके में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *