निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नाम में बदलाव किए जाने के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंत्री आवास, जामताड़ा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी उपस्थित रहे और पत्रकारों से विस्तार से वार्ता की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को साजिश के तहत कमजोर और बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है, लेकिन केंद्र सरकार इसे समाप्त करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले महात्मा गांधी की हत्या हुई और अब उनके विचारों की हत्या की जा रही है। कांग्रेस पार्टी इसका कड़ा विरोध करती है और जब तक केंद्र सरकार योजना का नाम पुनः बदलकर मनरेगा नहीं करती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि मनरेगा योजना में प्रभु श्रीराम का नाम जोड़कर राजनीतिक विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम हम सबके दिलों में बसते हैं, लेकिन योजना के नाम और कंटेंट को लेकर भ्रम फैलाना सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा विवाद और मुद्दों से भटकाने की राजनीति करती रही है—कभी नेहरू जी तो कभी वंदे मातरम् जैसे विषयों को लेकर बहस खड़ी की जाती है।
बादल पत्रलेख ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने, रोजगार, महंगाई और विकास जैसे मूल मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार लगातार पीछे की ओर देख रही है, जिससे देश की जनता को नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मनरेगा योजना के साथ किसी भी तरह का छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पार्टी सड़क से लेकर संसद तक इसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *