झरिया । अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 20 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 2026 का यह स्थापना दिवस मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी वर्ष झरिया शाखा अपने रूबी जयंती वर्ष (40 वर्ष) का उत्सव मना रही है। इस महत्वपूर्ण अवसर को सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह सेवा शिविर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को श्री अग्रवाल धर्मशाला, झरिया में आयोजित किया जाएगा। शिविर के अंतर्गत दिव्यांगजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं माप के पश्चात कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का रूबी जयंती वर्ष सेवा, संस्कार और समर्पण को समर्पित है। मंच का उद्देश्य समाज के उन जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुँचाना है, जो संसाधनों के अभाव में आत्मनिर्भर जीवन जीने में असमर्थ हैं। यह शिविर दिव्यांगजनों को सम्मानजनक एवं स्वावलंबी जीवन प्रदान करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

कार्यक्रम संयोजक आशीष भूसानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में लाभ प्राप्त करने हेतु पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। समय पर पंजीकरण के उपरांत चयनित लाभार्थियों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि इस सेवा शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाएँ।

प्रेस वार्ता के दौरान सह संयोजक निखिल खंडेलवाल ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। रूबी जयंती वर्ष के अंतर्गत भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाती रहेगी।

प्रेस वार्ता में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक आशीष भुसानिया और निखिल खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल सहित पूनम शर्मा, हितेन शर्मा उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *