निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मां चंचला त्रिदिवसीय त्रयोदस वार्षिक महोत्सव 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को मां चंचला महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल द्वारा चंचला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव के प्रचार रथ को रवाना किया गया।इस दौरान न्यू टाऊन जामताड़ा के हरिकृतन मंडली के सदस्यों के द्वारा पारंपरिक ढोल मदिरा के साथ भक्ति गीतों की भी प्रस्तुति की गई।
इस अवसर पर वीरेंद्र मंडल ने बताया कि 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को मां चंचला का 13वां त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इन तीन दिनों तक पूरे जामताड़ा जिले में भक्तिमय वातावरण में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ दीपोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर चार मां चंचला प्रचार रथ रवाना किए गए हैं, जो लगभग 15 दिनों तक राज्य स्तर पर महोत्सव का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि माता रानी की असीम कृपा एवं सभी भक्तजनों के सहयोग से 12वां वार्षिक महोत्सव ऐतिहासिक रूप से सफल रहा था और इस वर्ष भी माता की कृपा से 13वां महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मां चंचला की कलश शोभा यात्रा की गूंज राज्य ही नहीं, बल्कि देश स्तर तक सुनाई देगी।इस वर्ष 16 जनवरी को आयोजित होने वाले कलश शोभा यात्रा में 40000 माताएं बहनों के द्वारा कलश उठाया जाएगा।इस वर्ष ओर भी हर्ष की बात हैं कि जामताड़ा उपायुक्त के द्वारा मां चंचला वार्षिक महोत्सव को राजकीय महोत्सव घोषित करने हेतु राज्य सरकार से अनुशंसा किया गया हैं।
उन्होंने प्रचार रथ की रवानगी के साथ ही सभी माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 16 जनवरी को आयोजित मां चंचला कलश शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।
इस मौके पर अजित कुमार सिंह, मोहन लाल वर्मण, कैप्टन व्यास चौधरी, त्रिलोचन पांडे, मनोरंजन दे, लक्ष्मण पोद्दार पारस दुबे, तमाल कांति मित्र, प्रेम शंकर प्रसाद, विनय मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, कालू मंडल, विकास मंडल,जीत दुबे, सहित कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
