निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवलीबाड़ी पंचायत के चिरुनडंगाल गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी मनोरंजन मरांडी, जो पेशे से एक किसान हैं, इस वर्ष अच्छी बारिश के कारण धान की खेती में बंपर उत्पादन किए थे। लगभग एक माह से वे कटाई किए गए धान को अपने खलिहान में लाकर सुरक्षित रखे हुए थे।
इसी दौरान आज शाम अचानक उनके खलिहान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खलिहान में रखा पूरा धान एवं बिचाली जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना तुरंत स्थानीय मुखिया शिवधन हांसदा को दी गई। मुखिया ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गई।
घटना में किसी तरह की जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है, लेकिन किसान मनोरंजन मरांडी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मेहनत की पूरी फसल जल जाने से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित किसान ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है ताकि परिवार का भरण-पोषण किया जा सके।
वहीं इस संबंध में मुखिया शिवधन हांसदा ने कहा कि घटना की जानकारी प्रशासन को दी जाएगी और पीड़ित किसान को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से आग से बचाव को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
