निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच जामताड़ा में भाजपा की प्रदेश महिला उपाध्यक्ष बबीता झा ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। शुक्रवार को उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर इस बात की घोषणा की।
बबीता झा ने कहा कि निकाय चुनाव स्वतंत्र रूप से होंगे, लेकिन अगर पार्टी का सहयोग मिले तो उन्हें इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने शहर के विकास की स्थिति को दयनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने जमीनी स्तर से कई चुनावों में हिस्सा लिया है और अब नगर अध्यक्ष बनकर “मॉडल जामताड़ा” विकसित करने का सपना पूरा करना चाहती हैं। उन्होंने जनता, व्यवसायियों, समाजसेवियों और अन्य सभी वर्गों से आशीर्वाद की अपील की। बबीता झा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार और भाजपा के नेतृत्व में देश और राज्यों में विकास हो रहा है। वर्षों से पार्टी के साथ जुड़ी होने के कारण उन्होंने स्थानीय विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया है।
