निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के कासितांड रेलवे स्टेशन के पास आज दोपहर लगभग 12 बजे डाउन लाइन बक्सर-टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक शॉर्ट सर्किट से धुंआ उठने लगा। घटना होते ही ट्रेन के ड्राइवर की सूझबूझ से ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। तीसरी बोगी में अचानक धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। रेलवे स्टाफ ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह ट्रेन की बोगी के नीचे छक्का (अंडर गियर) से उठती चिंगारी बताई जा रही है। अचानक धुंआ निकलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से समस्या पर काबू पाया गया और करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को पुनः सुरक्षित रूप से रवाना कर दिया गया। इस घटना के कारण यात्रियों में दहशत तो रही, लेकिन समय रहते स्थिति को संभाल लेने से बड़ी दुर्घटना टल गई। यात्रियों ने बताया कि कासितांड रेलवे स्टेशन के पास अचानक बक्सर टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगनी की घटना घटी है, यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन में आग की घटना से कोई हताहत नहीं हुई है। गनीमत यह भी रही कि अप लाइन में कोई ट्रेन नही थी नही तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
