निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आर्ट क्लब मिहिजाम के तत्वावधान में गणेश पूजा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। गणपति बप्पा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना के दौरान भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे माहौल को भव्य बना दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने गणपति बप्पा का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि उन्हें यह सौभाग्य मिला कि इस पुण्य अवसर पर आर्ट क्लब मिहिजाम द्वारा आयोजित पूजा में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी का पर्व विघ्नहर्ता श्री गणेश की आराधना का पर्व है, जो जीवन से सभी बाधाओं को दूर कर सुख-समृद्धि और शांति का आशीर्वाद देते हैं।
भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने पूजा आयोजन समिति और सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से भाजपा नेता सुरेश राय, कमल गुप्ता, बालमुकुंद दास सहित पूरे मिहिजाम वासियों का धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे, एकता और धार्मिक आस्था का वातावरण मजबूत होता है।
पूजा पंडाल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटिंग और भव्य प्रतिमा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूजा में शामिल सभी आगंतुकों का स्वागत किया और व्यवस्था में कोई कमी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा।
गणेश पूजा के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक माहौल को प्रफुल्लित किया, बल्कि लोगों के बीच आपसी सहयोग और सौहार्द का संदेश भी दिया। मिहिजाम वासियों ने इस आयोजन को यादगार बताते हुए समिति के कार्यों की प्रशंसा की।
