निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। मंगलवार को जामताड़ा के गांधी मैदान और मिहिजाम के बेसिक स्कूल प्रांगण में गणेश पूजा धूमधाम से हुई। मिहिजाम में 45 वां और जामताड़ा में 22 वां गणेश चतुर्थी की पूजा अर्चना की जा रही है। दोनों पूजा पंडाल में दस दिनों तक पूजा अर्चना की जायेगी और दस दिनों तक मेला का आयोजन होगा। दोनों पूजा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालु बप्पा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना के लिए पहुँचे। भक्तों ने विधिवत मंत्रोच्चार और आरती के साथ भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। गांधी मैदान और मिहिजाम में पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं मिहिजाम बेसिक स्कूल प्रांगण में भी भक्तों ने सामूहिक रूप से गणपति बप्पा का स्वागत किया। मिहिजाम गणेश पूजा कमिटी के अध्यक्ष सुरेश राय ने बताया कि पिछले 45 वर्षों से मिहिजाम में गणेश चतुर्थी की पूजा अर्चना की जा रही है, जिसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास जैसे नेताओं ने मिहिजाम में गणेश चतुर्थी में शामिल हो चुके हैं। वहीं इस वर्ष दस दिनों तक पूजा के उपलक्ष्य में मेला का आयोजन किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता इंतजाम किया गया है। पूरे इलाके में गणेश उत्सव को लेकर भक्तिमय माहौल है और लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
