साक्षी और मिनाक्षी की सफलता पर माता पिता को गर्व
रामावतार स्वर्णकार
इचाक । झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची ने मंगलवार को मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। जिसमें आरएम प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय चंदा की छात्रा साक्षी सिंह ने 94% (470) अंक लाकर प्रखंड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं साक्षी की बहन मीनाक्षी ने भी 93.40% (467) अंक लाकर प्रखंड में थर्ड टॉपर बनी। साक्षी और मिनाक्षी दोनों सगी बहने हैं और प्रखंड के मोक्तमा गांव निवासी सहायक अध्यापक सुनील कुमार सिंह की बेटियां हैं। जैक बोर्ड में अपनी बेटियों के उम्दा प्रदर्शन पर पिता सुनील कुमार सिंह और माता साधना सिंह काफी खुश हैं। सुनील सिंह की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी प्रज्ञा सिंह केबी विमेंस कॉलेज में जूलॉजी स्नातक की छात्रा है। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पत्नी गृहिणी हैं और सुनील कुमार सिंह स्वयं प्रावि मोक्तमा पारा शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि मानदेय कम होने के कारण इस महंगाई में मै अपने बच्चों को बेहतर सुविधाएं नहीं दे पा रहा हूं। दोनो बच्चियों ने कभी कोई कोचिंग क्लास ज्वाइन नहीं किया। बच्चों ने सीमित संसाधन में ही समय और अनुशासन का पूरा इस्तेमाल किया। साक्षी और मिनाक्षी ने अपनी सफलता का
श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि मां पापा का सहयोग मिला और गुरुजनों का सही मार्गदर्शन मिलता रहा। साक्षी सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहती है जबकि मीनाक्षी की दिलचस्पी मेडिकल लाइन में है। वह एमबीबीएस प्रोफेसर बनना चाहती है। इसके लिए उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा लिखने के बाद से ही तैयारी शुरू कर दी है। घर में ही फिजिक्स वाला ऑनलाइन कोचिंग क्लास ज्वाइन कर तैयारी कर रही है। घर में कंप्यूटर नहीं है तो टीवी में ही सारी व्यवस्था कर दी गई है। विद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. रौनक नाज ने बच्चों की सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
