रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम चतरा जिले के सिमरिया में क्रैश हो गई. विमान का संपर्क टेकऑफ के कुछ देर बाद ATC से टूट गया था. एयरपोर्ट निदेशक ने हादसे की पुष्टि की है. फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें जंगलों में राहत कार्य में जुटी हैं.

रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने पुष्टि की है कि एयर एम्बुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास स्थित घने जंगलों में क्रैश हो गई है. विमान ने रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था, लेकिन रास्ते में ही उसका संपर्क रडार से टूट गया.

विमान ने रांची से भारतीय समयानुसार शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी. कोलकाता (एटीसी) के साथ संपर्क स्थापित करने के बाद, शाम 7:34 बजे विमान का संचार और रडार संपर्क टूट गया. जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम घटना स्थल पर मौजूद है और जांच के लिए एएआईबी (AAIB) की टीम रवाना की जा रही है.’

चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली है और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है.

उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही स्थिति की स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी. घटनास्थल घने जंगल से घिरा इलाका बताया जा रहा है, जहां पहुंचना चुनौतीपूर्ण है.

जानकारी के अनुसार, यह एक मेडिकल फ्लाइट थी जो एक गंभीर मरीज को लेकर दिल्ली जा रही थी। विमान में कुल 7 लोग सवार थे. इनमें 01 मरीज, 01 डॉक्टर और 01 पैरामेडिक, 02 अटेंडेंट (मरीज के परिजन), 01 मुख्य पायलट (PIC) और 01 को-पायलट शामिल था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *