झरिया । जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह इलाके में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि रवि पांडेय और संदीप पांडेय के घर में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों के घरों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान करीब 40 लीटर महुआ शराब, 40 से 50 पेटी बीयर और 20 से 25 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। टीम ने मौके से संदीप पांडेय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि रवि पांडेय फरार बताया जा रहा है।
जब्त की गई शराब की बाजार कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को लेकर विभाग एक्शन मोड में है और क्षेत्र में लगातार गश्ती और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
