धनबाद । धनबाद जिले के कुमारधुबी ओपी क्षेत्र के काली मंडा के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को रौंदा, घटनास्थल पर ही स्कूटी सवार की मौत । मामले को लेकर बताया जाता है कि सोमवार की सुबह काली मंडा के समीप जा रहे स्कूटी सवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया और कुछ दूर तक उसे घसीटते हुए आगे ले गया । जिससे मौके पर ही स्कूटी सवार की मौत हो गई । मृतक अपनी भाभी का एक्सरे करवाने आया था, भाभी को एक्सरे करवाने के लिए उतार कर स्कूटी में पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोलपंप जा ही रहे थे कि ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद डाला । मृतक की पहचान ग्यारकुंड दक्षिण पंचायत पानी टंकी के समीप रहने वाले रिंकू दुबे के रूप में हुई है । घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, गुस्साये लोगों ने ट्रैक्टर को भी जलाने की कोशिश की लेकिन घटना की सूचना मिलते ही कुमारधुबी ओपी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को नियंत्रण में किया । फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर थाने ले गई है वहीं मृतक के परिजन व स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया है ।
