हजारीबाग/ विष्णुगढ़ । रविवार की देर शाम हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक भीषण सड़क हादसा हुआ । जहां एक बस का टायर ब्लास्ट कर गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई, घटना के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई । यह भीषण हादसा विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी में हुआ। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दर्जन भर यात्री गंभीर रूप से घायल है। जिन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बोकारो बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। मृतकों में एक की पहचान विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी निवासी मंगर कमार के रूप में हुई है। अन्य दो की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि ‘नेहा’ नामक बस जेएच 02 वी 0543 हजारीबाग से फुसरो (बोकारो) जा रही थी।
बताया जाता है कि विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी के पास जैसे ही बस पहुंची कि बस का अगला टायर अचानक ब्लास्ट कर गया और तेज गति में जा रही बस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस के नीचे दब गए। जैसे ही स्थानीय लोग देखे सभी राहत में जुट गए। उसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच बचाव और राहत में जुट गई। सभी बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और बोकारो भेज दिया गया। वही घटनास्थल पर तीन यात्रियों की मौत हो गई।
घायलों में बस का कंडक्टर के अलावा दर्जन भर से अधिक यात्री शामिल है। वही पुलिस तीनों मृतकों के शव केके कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच में जुट गई है।
