निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । करमाटांड के गुलाब राय गुटगुटिया प्लस टू विद्यालय के प्रांगण में बच्चों का विद्यालय में नामांकन और ठहराव से संबंधित प्रखंड स्तरीय रुआर कार्यशाला आयोजित की गयी। करमाटांड के बी ई ई ओ सुखदेव यादव, बी पी ओ सावित्री किस्कू और सीताकाटा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शकूर अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया। जहाँ अतिथियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता बी ई ई ओ सुखदेव यादव ने की तथा मंच संचालन शिक्षक विद्या सागर ने किया।
करमाटांड प्रखंड के बी ई ईओ सुखदेव यादव ने कार्यशाला को संबोधित कहा कि रुआर वैसे बच्चों की ओर इशारा करता है, जो आज के तारीख में विद्यालय से भटक गए हैं। उनको विद्यालय में जोड़ते हुए उनका ठहराव सुनिश्चित करना ही कार्यशाला का असली मकसद है। रूआर अभियान हम सबों के लिए एक चुनौती से कम नहीं है। इसके लिए हम सब को संकल्पित होकर कार्य करने की जरूरत है। यह कार्यक्रम विद्यालय स्तर पर 16 दिनों तक चलेगा। 31 जुलाई तक रूआर अभियान संचालित कर हमें अपनी लक्ष्य की प्राप्ति करनी है।
बी पी ओ सावित्री किस्कू ने कहा कि स्कूल से दूर रहने वाले विद्यार्थियों को हर हाल में शिक्षा से जोड़ना है। अभियान के पहले दिन सर्वप्रथम स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। अभियान के दूसरे दिन बच्चों की अगली कक्षा में प्रोन्नति एवं बच्चों के स्कूल में ठहराव की स्थिति की समीक्षा करना, साथ ही पोषक क्षेत्रों का भ्रमण कर अनामांकित या ड्रॉपआउट बच्चों के अभिभावकों से मिलकर बच्चे के नामांकन हेतु उन्हें प्रेरित करने का कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में बाल संसद, एस एम सी, इको क्लब, माता समिति और जन प्रतिनिधि को शामिल करना है।
कार्यशाला में मुखिया प्रतिनिधि शकूर अंसारी, शिक्षक अमरनाथ दास, विकास पांडेय, अनिमेष मंडल, रामाशीष लाल, राजन आसरे, जलधर प्रसाद दांगी, शिक्षिका जयंती रानी मंडल, सुनीता कुमारी, सहायक अध्यापक छोटे लाल मंडल,गोविन्द मंडल, मौलाना सत्तार,सी आर पी मकसूद अंसारी ने अपने विचार व्यक्त किए। नामांकन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी ने शपथ लिया। राष्ट्र गान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
मौके पर बी आर पी गोवर्धन कुमार और मोहम्मद सरफराज, रिसोर्स शिक्षक शशि शेखर, कंप्युटर ऑपरेटर अरूप कुमार, सी आर पी राजेश गुप्ता, विनय भैय्या, शिक्षक विकास कुमार, प्रेम नाथ तिवारी,रीतेश कुमार, अर्जुन टुडू, राजाराम मंडल सहित दर्जनों विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।
