राजेश दुबे
विष्णुगढ़ : गुरुवार की देर शाम विष्णुगढ़ – खरना सड़क मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार राजेश कुमार, पिता हेमलाल महतो की मौत हो गई। मृतक राजेश कुमार भेलवारा पंचायत अंतर्गत उर्गी टोला का रहने वाला था । वह बाइक पर सवार होकर कस्तूरबा विद्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। राजेश को माथे पर गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना मिलते हीं आस-पास के लोग दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और विष्णुगढ़ थाने की पुलिस भी पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर मृतक युवक हेलमेट पहने हुए होता तो उसकी जान बच सकती थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। किस काम से वह कस्तूरबा विद्यालय की ओर जा रहा था अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
