निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । मोटरसाइकिल की डिक्की से 50 हजार रुपये लेकर भाग रहे कोढा गिरोह के एक अपराधी को ग्रामीणों के मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल हो गया है। पकड़े गए कोढा गिरोह के अपराधी का नाम गौरव कुमार यादव बताया गया है, जो बिहार के भागलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में वह बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर में रहता था। जामताड़ा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पीड़ित खूब लाल मंडल ने करमाटाड़ थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कराया था, उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि वो बैंक से पैसे निकाल कर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा और फिर मोटरसाइकिल खड़ी कर पास के बाजार में खरीदारी करने चले गए।

जब वह वापस लौटे तो देखा कि उनकी बाइक की डिक्की टूटी हुई है और दो युवक उनके पैसे लेकर भाग रहे हैं, उन्होंने काफी हंगामा किया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक भागने में सफल रहा। एसपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार अपराधी पर अपराध के कई मामले दर्ज हैं। उसके आतंक से बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोग परेशान थे। इसकी सूचना कटिहार पुलिस को दी जा रही है। गिरफ्तार अपराधी के पास से लूटे गये 50 हजार रुपये, एक चाभी का गुच्छा और एक पेचकस बरामद किया गया है। छापेमारी दल में करमाटांड़ थाना प्रभारी बिरजू साव, अवधेश कुमार व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *