राजेश दुबे की रिपोर्ट
विष्णुगढ़ । प्रखंड सभागार में सोमवार को बाल विवाह उन्मूलन एवं बाल शोषण मुक्त जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख जैबुन निशा तथा संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि हमें बाल शोषण से जुड़े घटित घटनाओं का कारण का पता लगाना चाहिए तथा उसके रोकथाम के लिए प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सशक्त बनाने के लिए हमें सामुदायिक सहयोग से गांव स्तर पर जागरूकता लाने की जरूरत है। बच्चों को सशक्त बनाने के लिए जेएसएलपीएस, शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं अपने स्तर से कार्य कर रही हैं।
सभी सरकारी कर्मचारीयों से आग्रह किया कि पंचायत स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाएं। यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर से चल रहा है जो 14 नवंबर बाल दिवस के दिन समाप्त होगा। कार्यक्रम में उपस्थित अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि शैक्षणिक रूप से कमजोर तथा जागरूकता के अभाव में बाल हिंसा होती है। बाल मजदूरी करना एक हिंसा है और इसका रोकथाम आवश्यक है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप प्रमुख सरजू साव, सांसद प्रतिनिधि मधुसूदन प्रसाद, सुशील मंडल, विधायक प्रतिनिधि गुरु प्रसाद साव, पंचायत समिति सदस्य मुन्नी देवी, घनश्याम पाठक, मुखिया निर्मल कुमार, रामचंद्र यादव, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बंशीधर राम, पंचायती राज पदाधिकारी रामचंद्र दांगी, जेएसएलपीएस से रामगिरी प्रसाद, बिष्णुगढ़ थाना से सब इंस्पेक्टर नसीम अंसारी, समाधान संस्था से रश्मि कुमारी समेत सभी पंचायत के पंचायत सेवक तथा जनप्रतिनिधि शामिल थे।
